शैलजा ने नहीं बनने दिया आईएमटी : विनोद शर्मा

अंबाला/नारायणगढ़, 25 मई (हप्र/निस), पूर्व केन्द्रीय मंत्री व अम्बाला शहर के पूर्व विधायक विनोद शर्मा ने रविवार को अम्बाला शहर के करीबी गांव मटहेड़ीशेखां में लोक सेवा पंचायत का दफ्तर खोला व लोगों से हरियाणा में सुशासन लाने के लिए सहयोग की अपील की।

विनोद शर्मा ने कहा कि नौकरी के मामले में उत्तरी हरियाणा को उसका हक नहीं मिल पाया जिसके लिए वे संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि नौकरियां मैरिट के आधार पर होनी चाहिए। उम्मीदवारों के चयन के लिए इंटरव्यू प्रणाली को खत्म किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे पक्षपात व भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार में युवाओं को पूरा महत्व नहीं दिया गया।

आईएमटी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने एक साजिश के तहत इसे अम्बाला में नहीं लगने दिया अन्यथा इससे हजारों युवकों को रोजगार मिल सकता था। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री कुमारी शैलजा व युवा कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष कैप्टन अजय सिंह के बेटे कांग्रेस में रहते हुए भी उनकी इस योजना का कड़ा विरोध किया। उन्होंने कहा कि वह किसानों की उपजाऊ जमीन के अतिक्रमण के शुरू से खिलाफ हैं, लेकिन वह चाहते हैं कि उद्योगों को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए।