करनाल, 27 मई (हप्र), पूर्व केंद्रीय मंत्री व लोकसेवा पंचायत के सुप्रीमो पंडित विनोद शर्मा ने कहा की दो जिलों में विकास की गंगा बह रही है, जबकि जीटी रोड बैल्ट पर विकास नहीं हुआ। यह सरासर भेदभाव है। जनता ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से यही सवाल पूछा और अपना रिजल्ट सुना दिया। आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता कांग्रेस को अपना नतीजा सुनाने के लिए तैयार है।
शर्मा घरौंडा में हाईवे पर लोकसेवा पंचायत कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। विनोद शर्मा ने कहा की इस बार यहां के लोगों ने कांग्रेस की सभी नीतियों को नकार दिया है। कालका से लेकर होडल तक केवल एक मेडिकल कॉलेज का निर्माण हुआ, जबकि प्रदेश सरकार के भेदभाव के चलते एक ही जिले में कई-कई बड़े संस्थान खोले गए। उन्होंने कहा की लोकसभा चुनाव में कांग्रेस अपनी गलत नीतियों के कारण केवल एक सीट जीत पाई। कुछ माह बाद विधासभा के चुनाव हैं, लोगों के मन में कांग्रेस को लेकर गुस्सा है।
अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, जगाधरी, करनाल, पानीपत, पलवल, मेवात, होडल विकास से अछूते हैं। सरकार में बैठे अनपढ़ लोग आपके पढ़े लिखे बच्चों का इंटरव्यू ले रहे हैं, ये कैसी व्यवस्था है। उन्होंने कहा की आज सवर्ण जातियां दुर्दशा की शिकार हो गई हैं। इस मौके पर अमरजीत कोहंड, लखमी चंद, सुरेश शर्मा, नरेंद्र शर्मा, राजकुमार राणा, दयानंद, पूर्व सरपंच महिपाल राणा, ओंकार शर्मा, विनोद गुप्ता, रामनिवास धीमान, सुभाष शर्मा, सतबीर शर्मा, जिया लाल, यशपाल राणा, विशाल राणा सहित अन्य लोग उपस्तिथ रहे।